बारां में किसान नेता नरेश मीणा के नेतृत्व में तीसरे मोर्चे ने अपना चुनाव अभियान शुरू किया। शनिवार को जिला परिषद और पंचायत समिति के सभी प्रत्याशी देवधाम झाड़ोता पहुंचे। यहां उन्होंने देवता के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद मोर्चे ने आगामी पंचायत राज चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार का आगाज किया। इस मौके पर पूर्व सभापति कमल राठौड़, जिला प्रमुख प्रत्याशी संदीप शर्मा, छबड़ा प्रधान प्रत्याशी ब्रजकिशोर शर्मा और अटरू प्रधान प्रत्याशी वंदना नागर मौजूद रहे। निर्मल नागर समेत कई प्रत्याशी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। सर्वसमाज के हितों के लिए काम करने का लिया संकल्प सभी प्रत्याशियों ने देवता का आशीर्वाद लेकर किसान, मजदूर, युवा, महिला और सर्वसमाज के हितों के लिए काम करने का संकल्प लिया। नरेश मीणा के नेतृत्व में यह मोर्चा अपने मुद्दों और जनहित के संकल्पों को लेकर जनता के बीच जाएगा। यह अभियान देवधाम झाड़ोता से शुरू होकर गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचेगा।