झालावाड़ साइबर पुलिस ने नाबालिग छात्रा की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उन्हें सोशल मीडिया पर डालने और फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाने के आरोप में जय सुमन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। एसपी अमित कुमार ने बताया कि 23 अक्टूबर को छात्रा की मां ने साइबर पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के मुताबिक किसी अज्ञात व्यक्ति ने छात्रा के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी प्रोफाइल बनाई थी। आरोपी ने छात्रा की सामान्य तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक रूप में पोस्ट किया। उसने परिजनों, रिश्तेदारों और परिचितों को फॉलो रिक्वेस्ट भेजकर तस्वीरें प्रसारित कीं। शिकायत में अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल कर छात्रा को मानसिक रूप से परेशान करने की बात भी कही गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डिजिटल फुटप्रिंट्स और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पुलिस निरीक्षक विष्णुसिंह के नेतृत्व में टीम ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। पुलिस के मुताबिक जय सुमन उर्फ जैकी (21) पुत्र दुर्गालाल झालावाड़ के मोटर गैराज का निवासी है और फिलहाल झालरापाटन के हाउसिंग बोर्ड में रहता है। कार्रवाई करने वाली टीम में सीआई विष्णुसिंह, सब इंस्पेक्टर सत्यनारायण, हेड कॉन्स्टेबल लोकेन्द्र सिंह और कॉन्स्टेबल सुखराम शामिल थे।