झालावाड़ के गंगधार तहसील क्षेत्र के केलुखेड़ा गांव निवासी 26 वर्षीय बादरलाल की मध्यप्रदेश के सुवासरा क्षेत्र में जटावली के पास फोरलेन पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक से लौट रहे बादरलाल और उनके 50 वर्षीय पिता भंवरलाल को सामने से आ रही जीप ने टक्कर मार दी। हादसे में बादरलाल की मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल भंवरलाल का झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना शनिवार दोपहर करीब 3 बजे की है। रिश्तेदार के कार्यक्रम में गए थे पिता-पुत्र परिजनों के अनुसार, केलुखेड़ा निवासी बादरलाल अपने पिता भंवरलाल के साथ बाइक से मध्यप्रदेश के सुवासरा में एक रिश्तेदार के मृत्युभोज कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव केलुखेड़ा लौट रहे थे। जटावली के पास जीप ने मारी टक्कर दोनों जब सुवासरा क्षेत्र में जटावली के पास फोरलेन से गुजर रहे थे, इसी दौरान सामने से आ रही एक जीप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिता-पुत्र बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सुवासरा अस्पताल में युवक को मृत घोषित किया हादसे के बाद फोरलेन से गुजर रहे लोगों ने घायलों को देखा और उनके परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को इलाज के लिए सुवासरा अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बादरलाल को मृत घोषित कर दिया। उनका शव सुवासरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। गंभीर हालत में पिता झालावाड़ रेफर हादसे में घायल भंवरलाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल रेफर किया गया। परिजन उन्हें लेकर झालावाड़ पहुंचे, जहां इमरजेंसी ओपीडी में डॉक्टरों ने जांच के बाद उपचार शुरू किया। चिकित्साकर्मी था मृतक, परिवार में मातम परिजनों ने बताया कि बादरलाल चिकित्साकर्मी के रूप में काम करता था। अचानक हुए हादसे में उसकी मौत से परिवार में दुख का माहौल है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और जीप ड्राइवर की लापरवाही सहित हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।