राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद, जयपुर ने झालावाड़ में अंशकालीन खेल प्रशिक्षकों के लिए खेल मित्र पोर्टल शुरू किया है। जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण देने के इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी परिषद के आधिकारिक पोर्टल https://khelmitra.rajasthan.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। हालांकि, पोर्टल पर पंजीकरण करने मात्र से नियुक्ति की गारंटी नहीं होगी। योग्यता और अनुभव की जानकारी देना जरूरी जिला खेल अधिकारी डॉ. कृपा शंकर शर्मा ने बताया कि संबंधित खेलों में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन के दौरान शैक्षणिक योग्यता, खेल संबंधी उपलब्धियां, प्रशिक्षण अनुभव और अन्य आवश्यक जानकारियां सही एवं पूरी दर्ज करनी होंगी। जरूरत के अनुसार बुलाया जा सकता है साक्षात्कार के लिए पोर्टल पर दर्ज जानकारी के आधार पर खेल प्रशिक्षकों की आवश्यकता के अनुसार योग्य अभ्यर्थियों से संपर्क किया जा सकता है। उन्हें साक्षात्कार या निर्धारित मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए भी बुलाया जा सकता है। चयन राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के नियमों, उपलब्ध अवसरों और संबंधित खेलों में प्रशिक्षण की जरूरत के आधार पर किया जाएगा। छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 31 दिसंबर तक मौका सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 कर दी गई है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित थी। अतिरिक्त निदेशक (छात्रवृत्ति) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, इस निर्णय से पात्र विद्यार्थियों को आवेदन पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। संस्थानों को भी जानकारी अपडेट करने का अवसर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक गौरी शंकर मीणा ने बताया कि शिक्षण संस्थानों को छात्रवृत्ति पोर्टल पर पंजीयन एवं नवीनीकरण, कोर्स मैपिंग, मान्यता और पाठ्यक्रमवार फीस स्ट्रक्चर सहित अन्य आवश्यक सूचनाएं अपडेट करने के लिए भी समय दिया गया है। पेपरलेस प्रक्रिया से कर सकेंगे आवेदन राजकीय और निजी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थी पेपरलेस ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे। विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि अंतिम समय में होने वाली परेशानी से बचा जा सके।