झालावाड़ जिले के सभी 8 नगरीय निकायों में वार्ड पार्षद पद के लिए हुए मतदान के बाद अब 14 सितंबर को मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी। एनआईसी वीसी कक्ष में मतगणना दलों और कर्मचारियों का अंतिम रेंडमाइजेशन किया गया। रेंडमाइजेशन के जरिए मतगणना के लिए नियुक्त दलों को संबंधित नगरीय निकायों में टेबल बांटी गईं। इस प्रक्रिया में कुल 74 मतगणना दलों के लिए टेबल आवंटित की गई हैं। इनमें 50 मतगणना टेबल, 8 रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) टेबल और 16 रिजर्व टेबल शामिल हैं। रेंडमाइजेशन से यह तय किया गया कि कर्मचारियों और दलों का आवंटन निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो। 43 वार्डों के लिए 112 प्रत्याशियों का कल होगा फैसला जानकारी के अनुसार झालावाड़ नगर परिषद के 43 वार्डों के लिए 112 प्रत्याशी चुनाव में थे। झालावाड़ में भाजपा, कांग्रेस, आप और निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव में शामिल रहे। फिलहाल, भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के प्रत्याशी बाड़ेबंदी में बताए जा रहे हैं। यह कदम अध्यक्ष पद के चुनाव में किसी भी परेशानी से बचने के लिए उठाया गया है। बताया जा रहा है कि दल अपने प्रत्याशियों पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए उन्हें झालावाड़ से बाहर रखा गया है। राउंडवार होगी गिनती निकायवार टेबल आवंटन की बात करें तो नगर पालिका अकलेरा में 7, भवानीमंडी में 8, डग में 4, नगर परिषद झालावाड़ में 9, नगर पालिका झालरापाटन में 7, खानपुर में 5, मनोहरथाना में 5 और पिड़ावा में 5 मतगणना टेबल बांटी गई हैं। इन टेबलों पर संबंधित निकायों की ईवीएम से वोटों की गिनती की जाएगी। हर चरण में मिले नतीजों को तय प्रक्रिया के तहत दर्ज किया जाएगा और राउंडवार नतीजों के आधार पर आगे की गिनती होगी। कल खुलेगा जनादेश जिले के सभी 8 नगरीय निकायों में मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे से निर्धारित मतगणना केंद्रों पर शुरू होगी। मतदान के बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा है। मतगणना शुरू होने से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्ट्रांग रूम खोले जाएंगे। जिला प्रशासन ने मतगणना को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। मतगणना केंद्रों पर केवल अधिकृत अधिकारियों, कार्मिकों एवं निर्धारित व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। अंतिम रेंडमाइजेशन के साथ ही किस मतगणना दल को किस टेबल पर जिम्मेदारी संभालनी है, यह भी तय हो गया है। 14 सितंबर को ईवीएम खुलने के साथ ही जिले के 8 नगरीय निकायों में स्थानीय स्तर पर होने वाली मतगणना में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला सामने आएगा।