झालावाड़ डिपो से खाटूश्यामजी जा रही रोडवेज बस में शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे नेशनल हाईवे-52 पर देवरी घाटा के पास पिछले पहिए के नजदीक अचानक आग लग गई। बस में 11 से ज्यादा यात्री सवार थे। पीछे से आ रही कार के ड्राइवर ने बस से धुआं निकलते देखकर ओवरटेक किया और ड्राइवर को इसकी सूचना दी। ड्राइवर ने तुरंत बस सड़क किनारे रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इसके बाद यात्रियों को दूसरी रोडवेज बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। प्रारंभिक आशंका है कि दो दिन पहले बदले गए ब्रेक लाइनर ज्यादा टाइट होने के कारण ब्रेक लगाने के दौरान आग लगी हो सकती है। पीछे चल रही कार के ड्राइवर ने दी सूचना रोडवेज के मैनेजर पवन कुमार सैनी ने बताया कि बस झालावाड़ से खाटूश्यामजी जा रही थी। इसी दौरान बस के पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा। पीछे चल रहे एक कार सवार की नजर इस पर पड़ी तो उसने बस को ओवरटेक कर ड्राइवर को आग लगने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ड्राइवर ने बिना देर किए बस रोक दी और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अचानक आग लगने से यात्रियों में घबराहट हुई, लेकिन ड्राइवर की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर बुझाई आग बस में आग लगने की सूचना के बाद आग बुझाने के लिए उपलब्ध अग्निशमन सिलेंडर का इस्तेमाल करने की कोशिश की गई और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड प्रभारी श्याम खटाना के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी यात्रियों को दूसरी रोडवेज बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। दो दिन पहले हुआ था मेंटेनेंस, ब्रेक लाइनर पर आशंका रोडवेज मैनेजर पवन कुमार सैनी के अनुसार, संबंधित बस का दो दिन पहले ही मेंटेनेंस कार्य करवाया गया था। इस दौरान पहियों में लगने वाले ब्रेक के लाइनर भी बदले गए थे। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि ब्रेक लाइनर अधिक टाइट होने के कारण ब्रेक लगाने के दौरान गर्मी बढ़ी और आग लग गई हो। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।