झालावाड़ जिले में पिछले एक सप्ताह से अच्छी बारिश नहीं हुई है, जिससे तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लोग गर्मी से राहत का इंतजार कर रहे हैं, वहीं किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। सुबह से ही तेज धूप का असर शुरू हो जाता है, जो शाम करीब 5 बजे तक बना रहता है। शाम को मौसम में कुछ बदलाव आता है, लेकिन उमस कम नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिल पाती। गुरुवार दोपहर करीब 3:50 बजे झालावाड़ शहर का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि तापमान बहुत ज्यादा नहीं है, लेकिन हवा में अधिक नमी के कारण उमस लोगों को ज्यादा परेशान कर रही है। फसलों की बुवाई की, बारिश नहीं होने से किसान चिंतित शहरवासियों का कहना है कि लगातार झमाझम बारिश होने से ही मौसम में ठंडक आएगी और उमस से राहत मिलेगी। मानसून की शुरुआत के बाद से मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहा है, कभी ठंडक तो कभी तेज गर्मी का एहसास होता है। जिले के किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। अधिकांश किसानों ने फसलों की बुवाई कर दी है, लेकिन अब उनकी बढ़वार के लिए अच्छी बारिश की आवश्यकता है। यदि जल्द पर्याप्त बारिश नहीं हुई तो फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। राजस्थान का चेरापूंजी कहे जाने वाले झालावाड़ जिले में बारिश का इंतजार अब लंबा होता नजर आ रहा है। जून का महीना पूरा हो चुका है और जुलाई का आधा महीना भी बीत चुका है, फिर भी लोग और किसान झमाझम बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। गर्मी और उमस के कारण दोपहर के समय सड़कों पर आवागमन भी नाममात्र का ही रहता है।