जोधपुर में पेंशन चालू रखने का झांसा देकर बुजुर्ग से 15.50 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। ठगों ने जीवित प्रमाण पत्र बनाने के नाम कर बुजुर्ग के फोन में एनिडेस्क एप इंस्टॉल करवाया और 15 लाख 50 हजार रुपए निकाल दिए। ठगी का पता चलने के बाद बुजुर्ग पड़ोसियों के साथ थाने पहुंचे और मामला दर्ज करवाया। फोन कर पेंशन चालू रखने के लिए कहा देवनगर थाना अधिकारी कमल किशोर सुथार ने बताया बुजुर्ग हरीश कुमार (81) निवासी पांच सेक्टर चौपासनी हाउसिंग बोर्ड ने रिपोर्ट दी। रिपोर्ट के अनुसार, ठगों ने बुजुर्ग को फोन पर पेंशन चालू रखने के लिए जीवित प्रमाण पत्र बनवाने को कहा। बुजुर्ग ने उस पर विश्वास कर उसके बताए अनुसार फोन में एनीडेस्क एप डाउनलोड करा दिया। एप डाउनलोड करते ही ठगों ने पूरे फोन का एक्सेस अपने कंट्रोल में ले लिया और उसके बाद उनके खाते से 15 लाख 50 हजार रुपए निकाल दिए। पीड़ित बुजुर्ग बिजली विभाग से रिटायर्ड है। ठगी का पता चलने पर वह पड़ोसियों को साथ लेकर थाने पहुंचे और मामला दर्ज करवाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने आमजन से ठगी की वारदातों को लेकर किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी शेयर नहीं करने की सलाह दी है।