जोधपुर में गैस कंपनी के नाम पर चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना इलाके के रहने वाले मां-बेटे के बैंक खातों से करीब 7 लाख रुपए उड़ा लिए। बेटे का कहना है कि खाते से रुपए कटने की जानकारी मिलने पर उसने अकाउंट ब्लॉक करवा दिया था, इसके बावजूद खाते से पैसे निकलते रहे। पीड़ित परिवार ने मामले को लेकर थाने में शिकायत की है। ठगों ने थिंक गैस कंपनी का प्रतिनिधि बनकर फोन किया और उसके बाद में उनके स्टेट बैंक और SBI बैंक खाते से करीब 7 लाख रुपए निकाल दिए। वहीं मामले में बैंक पर लापरवाही के आरोप भी लगे हैं। 8 लाख 1 हजार 919 रुपए निकाले, कुछ हुए रिफंड बेटे महिपाल सिंह कर्णावट का आरोप है कि उनके पिता दिलीप सिंह का SBI बैंक ओर दादी लक्ष्मी देवी का PNB बैंक में खाता है। 3 नवंबर को उनके खाते से 14 बार ट्रांजेक्शन हुए। जिसमें 8 लाख 1 हजार 919 रुपए निकाल दिए गए। इनमें से कुछ रुपए रिफंड हुए हैं। इसकी रिपोर्ट साइबर पोर्टल पर करवाई। पुलिस को पूरा रिकॉर्ड भी दिया है। पिता के नाम वाले PNB खाते से करीब डेढ़ लाख और दादी के नाम वाले SBI खाते से करीब 5 लाख 50 हजार की ठगी हुई है। उन्होंने स्टेट बैंक आफ इंडिया में 3 नवंबर की रात को कॉल कर उसकी कंप्लेंट भी की। खाता ब्लॉक करवाने की कार्रवाई भी करवाई। इसके बावजूद उनके खाते से अगले दिन 4 नवंबर को उनके खाते से 41 हजार 213, 48 हजार, 31 हजार 660 और 160 रुपए निकाल दिए गए। ये बैंक की लापरवाही है और इसके खिलाफ कार्रवाई भी की जानी चाहिए। साइबर ठगी की जीरो नंबर से मिली रिपोर्ट मामले को लेकर SI महेंद्र कुमार ने बताया कि साइबर ठगी की एक जीरो नंबर रिपोर्ट हमारे थाने में प्राप्त हुई। इस पर मामला दर्ज किया गया है। जिसमें परिवादी की ओर से करीब 5 से 7 लाख की साइबर ठगी होना बताया गया है। इस पूरे मामले की ASI राणाराम जांच कर रहे हैं।