डिस्कॉम श्रमिक संघ ने फलोदी वृत में कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर अधीक्षण अभियंता जोधपुर डिस्कॉम को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों का त्वरित समाधान नहीं हुआ तो 12 मई से अधीक्षण अभियंता कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। दो सालों से पदोन्नतियां लंबित संघ के जिलाध्यक्ष फिरोज खान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि फलोदी वृत में तकनीकी कर्मचारियों की पिछले दो सालों से पदोन्नतियां लंबित हैं। इसके साथ ही सभी विंग के कर्मचारियों की पदोन्नति की मांग भी की गई। फलोदी वृत के सृजन के बाद से ही लेखाधिकारी शाखा और कार्मिक अधिकारी शाखा में कर्मचारियों की भारी कमी है, जिससे कर्मचारियों के वेतन, भत्ते और पदोन्नति जैसी प्रक्रियाएं बाधित हो रही हैं। भत्तों के भुगतान की मांग ज्ञापन में अप्रैल 2025 से बकाया यात्रा भत्ता और अन्य भत्तों के भुगतान की मांग भी शामिल है। इसके अलावा, पिछले दो सालों से लंबित पदोन्नतियों को पूरा करने और फलोदी वृत में स्थायी कार्मिक अधिकारी की नियुक्ति करने पर जोर दिया गया। ‘FRT को तत्काल हटाया जाए’ संघ का कहना है कि फलोदी वृत में FRT का कार्य लगभग नगण्य है, जबकि डिस्कॉम द्वारा प्रति सब-डिवीजन दो टीमों को प्रति माह 6 लाख रुपए दिए जा रहे हैं। इसके बावजूद फील्ड का कार्य डिस्कॉम के कर्मचारी ही अधिकारियों के दबाव में कर रहे हैं, जिससे निगम को दोहरा नुकसान हो रहा है और उसकी छवि भी धूमिल हो रही है। संगठन ने FRT को तत्काल हटाने की मांग की है, ताकि डिस्कॉम को घाटे से उबारा जा सके। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि FRT को नहीं हटाया जाता है, तो डिस्कॉम कर्मी अब FRT का कार्य नहीं करेंगे। अन्य मांगों में जिला वृत फलोदी में वर्ष 2007 से नियुक्त तकनीकी कर्मचारियों को साइकिल एलाउंस (वाहन भत्ता) देना, कर्मचारियों के विभागीय परिचय पत्र बनाना, और अप्रैल 2025 से बकाया यात्रा भत्ता, उपार्जित अवकाश, ओवरटाइम व अन्य एरियर का भुगतान करवाना शामिल है। ज्ञापन सौंपने के दौरान अध्यक्ष करन सिंह राजपुरोहित, नेताराम देवड़ा, कपूरचंद माली, विनोद थानवी और सोमन चांडक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।