जोधपुर में गोल्ड लोन के नाम पर एक कंपनी से 25.57 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई। आरोप है कि लोन लेने के बावजूद सोना जमा नहीं कराया गया और लोन की रकम परिचितों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी गई। फिलहाल पुलिस मामले में धोखाधड़ी के आरोपों की जांच कर रही है। पूनावाला फिनकॉर्प लिमिटेड की आखलिया शाखा के प्रबंधक हेमंत जोशी ने देव नगर थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में सूथला निवासी महावीर सिंह पर आरोप लगाया गया है कि गोल्ड लोन से जुड़े मामले में सोना जमा नहीं करवाया गया, जबकि 25 लाख 57 हजार रुपए की राशि उसके परिचितों के खातों में ट्रांसफर हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दूसरी कंपनी में जमा गोल्ड छुड़ाने का दिया झांसा रिपोर्ट के अनुसार, महावीर सिंह ने ब्रांच में आकर बताया कि उसका गोल्ड किसी दूसरी फाइनेंस कंपनी में जमा है और वह उसे छुड़ाकर गोल्ड लोन लेगा। महावीर ने कहा कि वह दूसरी कंपनी से गोल्ड छुड़ाकर यहां जमा करवा देगा। इस पर पूनावाला फिनकॉर्प कर्मचारियों ने उस पर विश्वास करके 25 लाख 57 हजार रुपए का लोन दे दिया। लोन मिलने के बाद आरोपी ने रकम परिचितों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी और कंपनी में गोल्ड नहीं जमा कराया। इस पर पूनावाला फिनकॉर्प लिमिटेड की तरफ से उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया है।