जोधपुर का मथुरादास माथुर हॉस्पिटल इन दिनों नई तकनीक और सुविधाओं से लैस हो रहा है। अस्पताल में इसी कड़ी में अब हार्ट अटैक की स्थिति में आने वाले मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। दरअसल, भामाशाहों के सहयोग से अस्पताल में एक नए सीसीयू वार्ड का शुभारंभ किया गया है, जिसमें 24 बेड है। अति गंभीर स्थिति में आने वाले मरीजों का इलाज इस वार्ड में किया जाएगा। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि मथुरादास माथुर अस्पताल में वर्तमान में 2100 बेड फंक्शनल है। अस्पताल प्रशासन सरकार और विभिन्न एजेंसी के साथ मिलकर नए-नए विकास कार्य करवा रहा है। इसमें सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी सहित भामाशाहों के सहयोग से अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं वाली CCU यूनिट भी बनाई गई है। डॉ. राजपुरोहित ने बताया कि आजकल कार्डियक डिजीज के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। अस्पताल में हमारे कार्डियक विभाग के हेड डॉ. रोहित माथुर के नेतृत्व में इलाज की भी बेहतर सुविधा है। पहले मुंबई-दिल्ली में जो उपचार होते थे, वह अब जोधपुर के इस मथुरादास माथुर अस्पताल में होने लगे हैं। यहां पर आधुनिक कैथ लैब टेक्नोलॉजी भी विकसित की जा रही है। अब इस नई यूनिट में गंभीर स्थिति में आने वाले मरीजों का इलाज हो सकेगा। इस यूनिट में मॉनिटर से लेकर वेंटिलेटर की सुविधा है। एक होटल की तरह यहां लग्जरी वॉर्ड बनाया गया है, जिसमें एक ईको मशीन भी लगाई गई है।