जोधपुर में बिना डॉक्टर की पर्ची के नींद और प्रतिबंधित शेड्यूल की दवाइयां बेचने वाले मेडिकल स्टोर पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस की ओर से अन्य एजेंसियों और ड्रग विभाग के साथ मिलकर ऐसे मेडिकल स्टोर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले 2 मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निलंबित करने को लेकर भी कार्रवाई की जा रही है। DCP वेस्ट कमल सिंह शेखावत ने बताया- सूरसागर थाना क्षेत्र में मेडिकल की दुकानों की जांच के लिए एडीसीपी (ADCP), एसीपी (ACP) और एसएचओ (SHO) की टीम लगाई गई थी। इस टीम में ड्रग विभाग और एनसीबी (NCB) के अधिकारियों को भी शामिल किया गया। इस संयुक्त टीम ने क्षेत्र के 5 मेडिकल स्टोर पर औचक चेकिंग की है। DCP वेस्ट कमल सिंह शेखावत ने बताया- जांच के दौरान 2 मेडिकल स्टोर पर 'एविल' (Avil) और कुछ अन्य प्रतिबंधित दवाइयां बिना किसी रिकॉर्ड के बेची जाती पाई गईं। नियमों के इस गंभीर उल्लंघन पर कड़ा रुख अपनाते हुए, इन दोनों दुकानों के लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई ड्रग विभाग की ओर से की जा रही है। डीसीपी ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि यदि कोई भी मेडिकल स्टोर संचालक बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाइयां बेचता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, कई दवाइयां ऐसी हैं जिनका इस्तेमाल लोग इलाज के लिए नहीं, बल्कि नशे के रूप में कर रहे हैं। पुलिस और ड्रग विभाग का संयुक्त अभियान जारी युवाओं को नशे की लत से बचाने और इस अवैध कारोबार को रोकने के लिए पुलिस और ड्रग विभाग मिलकर लगातार संयुक्त अभियान चला रहे हैं। आने वाले दिनों में भी ऐसे संदिग्ध मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी और औचक निरीक्षण की कार्रवाई जारी रहेगी।