जोधपुर शहर के उदयमंदिर थाना क्षेत्र में मिनर्वा सेंटर के पास स्थित एक ट्रेवल एजेंसी के ऑफिस को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। शातिर चोर दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखे 2.35 लाख रुपये नकद चुराकर फरार हो गया। इस मामले में पुलिस ने एक युवक पर शक जताया है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चाय पीने गए थे संचालक, पीछे से आया चोर पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थी अब्दुल राहिल निवासी हाजी बिल्डिंग, स्टेशन रोड का मिनर्वा सेंटर के सामने ताज ट्रेवलर्स के नाम से ऑफिस है, जिसका संचालन वे पिछले 13 वर्षों से कर रहे हैं। 24 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:51 बजे वे ऑफिस को लॉक करके चाय पीने गए थे। इसी दौरान एक युवक, जिसने टोपी पहन रखी थी, वहां पहुंचा और ऑफिस का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गया। चोर करीब 7 मिनट तक ऑफिस के अंदर रहा। उसने काउंटर का गल्ला तोड़कर उसमें रखे 2,35,000 रुपये चुरा लिए। इसके बाद चोर वहां से पैदल मोहनपुरा पुलिया तक गया, जहां उसका एक साथी बाइक लेकर पहले से ही उसका इंतजार कर रहा था। इसके बाद दोनों रातानाड़ा की तरफ बाइक पर बैठकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई । इस मामले में प्रार्थी की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक युवक पर संदेह जताया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। उदयमंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी का पता लगाने में जुटी हुई है।