जोधपुर के पाल निवासी और अहमदाबाद में रहने वाली गीता कंवर की मौत के बाद अब उनके परिजन और समाज के लोग इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच व उचित कार्यवाही की मांग को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर आलोक रंजन को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान गीता के भाई नत्थूसिंह भी मौजूद रहे। मृतका गीता के भाई नत्थूसिंह राजपुरोहित ने बताया कि उनकी बहन की शादी शिवतलाव निवासी वर्तमान में अहमदाबाद में रहने वाले अर्जुन सिंह के साथ की थी। 15 अप्रैल को उनकी बहन की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले में अहमदाबाद की वासना थाना पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ में मुकदमे को दर्ज किया। इसके बाद इस पूरे मामले में जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया था उनके भी नाम हटवा दिए गए। भाई नत्थूसिंह ने बताया कि fIR दर्ज होने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। हमारी तरफ से जो साक्ष्य दिए गए हैं उन्हें भी पुलिस कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन का पति खुद अहमदाबाद पुलिस में हैड कांस्टेबल है। जो जांच को प्रभावित कर रहा है। उन्हें पुलिस ने सस्पेंड भी नहीं किया है। इसको लेकर आज जोधपुर टेंट एसोसिएशन के साथ मिलकर इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सहयोग की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि जब तक उनकी बहन को न्याय नहीं मिल जाता तब तक वह पांव में चप्पल जूते नहीं पहनेंगे।