जोधपुर के खांडा फलसा थाना इलाके में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक पत्नी ने अपने पति से पांच लाख रुपए और तलाक की मांग करते हुए घर के बाहर सुसाइड करने की धमकी दी है। आरोप है कि महिला शादी के बाद से ही पति को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है और पहले भी तीन बार सुसाइड की कोशिश कर चुकी है। पुलिस ने 14 अप्रैल को कोर्ट के आदेश पर पत्नी के खिलाफ अवैध वसूली और धमकाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिना दांपत्य संबंध बनाए पीहर लौटी, ले गई सारा सामान खांडा फलसा थाना पुलिस के अनुसार, सरदारपुरा तीसरी ए रोड क्षेत्र के रहने वाले परिवादी राकेश (बदला हुआ नाम) ने अपनी पत्नी पिंकी (बदला हुआ नाम) के खिलाफ रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि दोनों का विवाह 8 दिसंबर 2024 को बिना दहेज के हुआ था। शादी के बाद पत्नी ने ससुराल में केवल एक दिन बिताया और पीहर चली गई। समझाइश के बाद वह वापस आई, लेकिन 10-15 दिन रुकने के बाद फिर लौट गई। परिवादी का आरोप है कि पत्नी ने हमेशा यही कहा कि यह शादी उसकी मर्जी के खिलाफ माता-पिता के दबाव में हुई है। उसने पति के साथ कभी दांपत्य संबंध नहीं बनाए। इसके बाद 1 नवंबर 2025 को वह अपना सारा पर्सनल सामान और जरूरी डॉक्यूमेंट्स लेकर हमेशा के लिए पीहर चली गई। ससुराल में खाया जहर, पिया कीटनाशक, पुलिस के सामने मानी गलती FIR के अनुसार पत्नी ने ससुराल में रहते हुए पति को फंसाने के लिए 3 बार सुसाइड की कोशिश की। एक बार उसने कीटनाशक पाउडर (लक्ष्मण रेखा) खा लिया, जिस पर पति ने उसे महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां पुलिस चौकी इंचार्ज के सामने उसने खुद जहर खाने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसने फिनायल पी लिया और तीसरी बार कीटनाशक रसायन (टायलेट क्लीनर) पीकर जान देने की कोशिश की। तीसरी घटना के दौरान भी उसने खांडा फलसा पुलिस के जांच अधिकारी के समक्ष खुद की मर्जी से रसायन पीने की बात स्वीकार की थी। इन घटनाओं के बावजूद पति घर बसाने का प्रयास करता रहा। घर के बाहर आकर दी धमकी से टूटा पति का सब्र पीहर जाने के बाद पत्नी और उसके माता-पिता फोन पर पति को धमकी देने लगे। उन्होंने 5 लाख रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर पूरे परिवार को जेल भिजवाने की धमकी दी। हद तो तब हो गई जब 16 फरवरी को पत्नी अपनी मां और मौसी के साथ राकेश के घर के बाहर आ गई। वहां उसने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि यदि उसे पांच लाख रुपए और तलाक नहीं दिया गया, तो वह घर के बाहर पेट्रोल डालकर आत्मदाह कर लेगी। इससे परेशान होकर पति ने पहले खांडा फलसा थाने और फिर पुलिस कमिश्नर को डाक के जरिए शिकायत भेजी। कोई कार्रवाई नहीं होने पर उसने कोर्ट में परिवाद पेश किया। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है और इसकी जांच एएसआई फूलाराम को सौंपी गई है। --- ये खबर भी पढ़ें BSF महिला जवान की तलाक याचिका, हाईकोर्ट से राहत:मारपीट, चरित्र हनन और नौकरी छोड़ने का दबाव,10 साल से अलग रह रहे थे दोनों;अब मिला तलाक राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्यपीठ ने वैवाहिक विवाद के एक अहम मामले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में तैनात एक महिला जवान के पक्ष में फैसला सुनाया है। जस्टिस अरुण मोंगा और जस्टिस सुनील बेनीवाल की खंडपीठ ने पति द्वारा नौकरी छोड़ने का दबाव बनाने, 10 लाख रुपए की मांग करने, क्रिमिनल रिकॉर्ड और 10 साल से अलग रहना को 'क्रूरता' व 'परित्याग' मानते हुए तलाक की डिक्री जारी की है। (पूरी खबर पढ़ें)