नागौर जिले में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। पिछले 24 घंटों में जिलेभर में कुल 153 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 45 मिमी बारिश मुंडवा में हुई। बारिश से तापमान में गिरावट आई है, किसानों को राहत मिली है और बच्चों ने भी बारिश का जमकर आनंद लिया। मौसम विभाग ने आज भी नागौर जिले में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मुंडवा में सबसे ज्यादा 45 मिमी बारिश पिछले 24 घंटों के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 153 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक मुंडवा में 45 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि नागौर शहर में केवल 2 मिमी बारिश हुई। अन्य क्षेत्रों में जायल में 29 मिमी, खींवसर में 27 मिमी, रियांबड़ी में 22 मिमी, सांजू में 16 मिमी, मेड़ता में 7 मिमी और डेगाना में 5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं डेह क्षेत्र में बारिश नहीं हुई। तापमान में गिरावट, गर्मी और उमस से राहत बारिश के कारण मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। बच्चों ने बारिश में जमकर की मस्ती लगातार हो रही बारिश का बच्चों ने भी भरपूर आनंद उठाया। शहर के कई मोहल्लों और गलियों में बच्चे बारिश में भीगते और खेलते नजर आए। किसी ने बारिश में दौड़ लगाई तो किसी ने पानी से भरी सड़कों पर मस्ती की। लंबे समय बाद हुई अच्छी बारिश ने बच्चों के चेहरों पर खुशी ला दी। खरीफ फसलों के लिए राहत बनी बारिश लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए पिछले दो दिनों की बारिश राहत लेकर आई है। सूखे जैसे हालात के बीच हुई इस बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है और खरीफ फसलों को संजीवनी मिली है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी तापमान घटने से लोगों को राहत महसूस हुई। किसानों का कहना है कि समय पर हुई इस बारिश से बाजरा, मूंग, ग्वार सहित अन्य खरीफ फसलों की बढ़वार को फायदा मिलेगा। खेतों में पर्याप्त नमी बनने से फसलों का विकास बेहतर होगा और उत्पादन बढ़ने की उम्मीद भी बढ़ी है। पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण किसान चिंतित थे, लेकिन अब लगातार हो रही बारिश ने उनकी उम्मीदें फिर जगा दी हैं।