डीग पुलिस ने हत्या के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी सतीश पुत्र रामस्वरूप, निवासी बमनवाड़ी, थाना जुरहरा, वर्ष 2020 में जुरहरा थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के एक मामले में वांछित था। लंबे समय से फरार होने के कारण उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। डीएसटी टीम को 2 जुलाई को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बमनवाड़ी गांव से आरोपी सतीश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब संबंधित प्रकरण में उससे पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई में डीएसटी के कांस्टेबल दीनदयाल और हनीफ खान की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में जुरहरा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक गिर्राज, एएसआई रणजीत सिंह और कांस्टेबल जयपाल भी शामिल थे।