बारां जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कपिलधारा जलप्रपात पर रविवार को सैलानियों की भीड़ उमड़ी। सावन के बाद झरने में पानी की आवक तेज होने से यह पूरे उफान पर है। इसका आनंद लेने के लिए सुबह से ही लोग यहां पहुंचने लगे थे। रविवार की छुट्टी होने के कारण बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे। मुख्य कुंड और झरने में महिलाएं और बच्चे काफी संख्या में नजर आए। लोग कुंड में नहाते और झरने के नीचे खड़े होकर प्राकृतिक नजारों का आनंद ले रहे थे। युवाओं में सेल्फी और वीडियो बनाने का रुझान भी दिखा। कपिलधारा में स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर और भगवान शिव मंदिर में भी दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। लोगों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, बारिश के मौसम में हर रविवार को यहां मेले जैसा माहौल रहता है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यहां गोताखोर और पुलिस बल तैनात करने की मांग की है।