करौली में 20 अक्टूबर को दशहरा महोत्सव मनाया जाएगा। इस बार आयोजन स्थल बदला गया है। कार्यक्रम अब पीजी कॉलेज के पीछे पुरानी पुलिस लाइन मैदान पर होगा, पहले यह माथुर स्टेडियम में होना था। शाम 7 बजे शुरू होने वाले इस महोत्सव में 41 फीट ऊंचे रावण का दहन मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके साथ भगवान श्रीराम दरबार और हनुमान जी की झांकियां भी सजाई जाएंगी। रावण दहन के बाद आतिशबाजी भी होगी। नगर परिषद की टीम मैदान को समतल करने में जुटी है। दर्शकों और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा के इंतजाम कर रहा है। नगर परिषद सभापति सुनील सैनी और नगर परिषद आयुक्त ने तैयारियों का जायजा लिया। सभापति सैनी ने शहरवासियों से शाम 7 बजे पुरानी पुलिस लाइन मैदान पहुंचकर महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।