करौली में शारदीय नवरात्रि की दुर्गा अष्टमी पर सोमवार को प्रसिद्ध कैला देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह मंगला आरती से ही माता के दर्शनों के लिए लंबी कतारें लग गईं। भक्तों ने माता के दर पर धोक लगाकर खुशहाली और समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं ने कालीसिल नदी में स्नान किया। वे देवी भक्ति गीत और लांगुरिया भजनों पर नाचते-गाते मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंज उठा। कैला देवी मंदिर सोल ट्रस्टी कृष्ण चंद्र पाल ने भी पूजा-अर्चना कर माता को पोशाक भेंट की। कैला देवी मंदिर ट्रस्ट के प्रदीप द्विवेदी ने बताया कि राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा सहित कई राज्यों से श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। भीड़ को संभालने के लिए पुलिस और मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जिले भर में घरों और मंदिरों में भी विशेष पूजा-अर्चना की गई।