करौली शहर की विवेक विहार कॉलोनी में एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के आभूषण और घरेलू सामान चुरा लिया। परिवार बीमारी के इलाज के लिए जयपुर गया हुआ था, तभी देर रात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। शुरुआती अनुमान के अनुसार 15 से 20 लाख रुपए के आभूषण चोरी होने की आशंका है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शांतनु पाराशर ने बताया कि उनकी बहन ममता शर्मा और जीजा मुन्नालाल शर्मा अपने बच्चों के साथ विवेक विहार स्थित अपने घर से बीमारी के उपचार के लिए जयपुर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके खाली मकान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोरों ने देर रात घर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, फिर ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने आभूषणों के साथ-साथ अन्य घरेलू सामान पर भी हाथ साफ किया और फरार हो गए। घटना का पता बुधवार शाम करीब पांच बजे चला, जब पड़ोसियों ने मकान का टूटा हुआ ताला देखा। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार दूध वितरण करने वाले व्यक्ति ने भी घर के बाहर ताला टूटा होने की जानकारी दी थी। परिवार के करौली पहुंचने के बाद ही चोरी गए सामान का सही आकलन हो पाएगा। फिलहाल, लगभग 15 से 20 लाख रुपए के आभूषण चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही मासलपुर चुंगी पुलिस चौकी प्रभारी महाराज सिंह सहित कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।