करौली शहर की व्यस्त अनाज मंडी में शनिवार सुबह 2 बिजली के पोल और 1 टेलीफोन पोल अचानक गिर गए। घटना के समय बाजार बंद होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन रास्ता अवरुद्ध होने से इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, अनाज मंडी स्थित पुराने पोस्ट ऑफिस के सामने ये तीनों पोल धराशायी हो गए। इससे सर्राफा बाजार और हनुमान जी मंदिर की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया। सुबह का समय होने के कारण बाजार में भीड़भाड़ नहीं थी, जिससे किसी बड़े नुकसान से बचा जा सका। कई दिनों से हिल रहे थे तीनों खंभे एक दुकानदार ने बताया कि सुबह दुकान पर आने के कुछ देर बाद उन्होंने देखा कि बंदर विद्युत पोल पर झूल रहे थे, जिसके बाद कमजोर पोल अचानक गिर पड़े। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये पोल पिछले कई दिनों से हिल रहे थे और बाजार व्यापारियों ने 181 सुगम पोर्टल पर इसकी शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन बिजली विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते विभाग ने ध्यान दिया होता, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। फिलहाल, संबंधित विभाग को सूचना दे दी गई है और मार्ग को सुचारू करने के प्रयास जारी हैं। कनिष्ठ अभियंता मानवेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर भेज दी गई है। विद्युत पोल और लाइन को दुरुस्त करने का काम जल्द ही शुरू किया जाएगा।