करौली-मासलपुर मार्ग पर खेड़ा गांव के पास 2 टेम्पो की टक्कर में धौलपुर के भगोरा निवासी मुरारी कुशवाह की मौत हो गई। इस हादसे में 7 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को करौली जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फोर व्हीलर टेम्पो का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जयपुर रेफर किया गया है। थ्री व्हीलर टेम्पो में सवार लोग कैलादेवी माता के दर्शन कर अपने गांव भगोरा लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घायलों में भगोरा निवासी संजू (35), माया (22), राजू (30), नहने (6), सूरज (19) शामिल हैं। गुलाबगंज, जगनेर की काजल (16) और फोर व्हीलर टेम्पो का ड्राइवर भी घायल हुए। मृतक मुरारी कुशवाह का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मासलपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।