करौली में नाबालिग के किडनैप और मारपीट के मामले में 2 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने उन्हें जिले के जंगल क्षेत्र से पीछा कर पकड़ा और वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अभिषेक पुत्र वेदप्रकाश गुर्जर निवासी सुंदरपुर और सौरभ पुत्र राजपाल गुर्जर निवासी बदनपुर, थाना सदर हिंडौन शामिल है। सौरभ गुर्जर एक सरकारी स्कूल में लिपिक के पद पर कार्यरत है। दुकान से घर लौटते समय किया था किडनैप पुलिस के अनुसार यह घटना 28 जून को हुई थी। पीड़ित नाबालिग दुकान से काम खत्म कर घर लौट रहा था। तभी आरोपियों ने उसे रास्ते में रोककर जबरन कार में बैठा लिया। वे उसे गुड़ला बांध के पास जंगल में ले गए। जंगल में नाबालिग के साथ लाठी-डंडों, लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया गया। पीड़ित की मां ने दी थी रिपोर्ट पीड़ित की मां की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी लोकेश सोनवाल के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के आधार पर आरोपियों का सुराग लगाया। जांच के दौरान पीड़ित ने मुख्य आरोपी की पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। 2 किमी पीछा कर घेराबंदी कर दबोचा पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश में करौली, हिंडौन, सूरौठ, गुड़ला, बदनपुरा सहित कई स्थानों पर लगातार दबिश दी गई। तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि आरोपी धौलपुर के जंगल क्षेत्र में छिपे हुए हैं। एसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा किया। पुलिस को देखते ही आरोपी कार छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। करीब 2 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। भागने के दौरान दोनों आरोपियों को हल्की चोटें भी आईं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को बड़ी संख्या में पुलिस की मौजूदगी में घटना स्थल पर ले जाकर किडनैप करने वाले और छोड़ने वाले स्थानों की तस्दीक कराई गई।