करौली जिले में पंचायत राज चुनाव के दूसरे चरण के तहत बुधवार को मतदान हुआ। करौली, मासलपुर और नादौती पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शाम 6 बजे तक वोट डाले गए। जिला परिषद के कुल 35 वार्डों में से 10 वार्डों के लिए भी मतदान हुआ। शाम 6 बजे तक जिले में कुल 62.37 प्रतिशत वोटिंग हुई। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही बनी रही। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के अंतिम आंकड़ों के अनुसार करौली पंचायत समिति में 63.28 प्रतिशत, नादौती पंचायत समिति में 60.11 प्रतिशत और मासलपुर पंचायत समिति में 63.74 प्रतिशत मतदान हुआ। तीनों पंचायत समितियों में मासलपुर में सर्वाधिक मतदान दर्ज किया गया, जबकि नादौती में मतदान का प्रतिशत सबसे कम रहा। तीनों पंचायत समितियों में कुल 264 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें नादौती में 135, करौली में 65 और मासलपुर में 64 प्रत्याशी शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 1700 पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए गए। एडिशनल एसपी रैंक के अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया था। कुल 278 मतदान केंद्र बनाए गए थे।