केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अंबाला में 600 करोड़ रुपए की लागत से बने 1857 की क्रांति के शहीद स्मारक का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने गांधी मैदान में रैली को संबोधित किया। अंबाला की रैली में उनका पूरा फोकस हरियाणा की विकास योजनाओं के बारे में रहा। यहां उन्होंने सीएम सैनी की तारीफ करते हुए कहा- हरियाणा की सरकार अपने सारे वादे पूरे कर रही है। अपने भाषण में उन्होंने कई बार 'मेरा हरियाणा' कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा, ''MSP पर 24 फसलें खरीदने वाला देश का पहला राज्य हरियाणा है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन चलाने वाला भी हरियाणा। उन्होंने म्यूजियम को लेकर मंत्री अनिल विज की भी तारीफ करते हुए कहा- इन्हें लोग सालों-साल याद रखेंगे। वहीं, सीएम ने अपने संबोधन में शाह को लौहपुरुष कहा। इससे पहले करनाल में हुई पदयात्रा में अमित शाह का फोकस राहुल गांधी और विपक्ष पर रहा। यहां उन्होंने कहा कि देश की जनता ने लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुना। 2024 के बाद राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को लगातार हार का सामना करना पड़ा है। शाह ने कहा, “राहुल जी, आप संसद चलने नहीं देते। मुद्दों पर चर्चा नहीं करते। संसद में शोर-शराबे को कांग्रेस ने अपना कल्चर बना दिया है। सड़क पर भीड़ इकट्ठा करके अनार्किस्ट (अराजकतावादी) की तरह अराजकता फैलानी है।” ये खबर भी पढ़ें- हरियाणा में सबसे बड़े स्मारक का शुभारंभ आज:दुबई-इंग्लैंड म्यूजियम जैसी 22 गैलरी, स्काई कैफे; टिकट, एंट्री से लेकर जाने सबकुछ