खैरथल में शहर में बढ़ती जाम और अतिक्रमण की समस्या को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) ने गुरुवार को निरीक्षण अभियान चलाया। डीएलएसए सचिव अजीत कुड़ी ने मुख्य बाजारों और प्रमुख मार्गों का पैदल निरीक्षण कर अतिक्रमणकारियों को कब्जे हटाने की चेतावनी दी। साथ ही संबंधित विभागों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए। यह निरीक्षण राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशों तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं डीएलएसए अध्यक्ष शैलेंद्र व्यास के मार्गदर्शन में किया गया। कई स्थानों पर मिला अतिक्रमण सचिव अजीत कुड़ी ने मुख्य बाजार, बिजलीघर चौराहा, हेमू कालाणी चौक, मुख्य रेलवे फाटक, सब्जी मंडी और रेलवे स्टेशन मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता पाया गया। उन्होंने अतिक्रमणकारियों से बातचीत कर स्वेच्छा से कब्जे हटाने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि तय समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर संबंधित विभागों की मदद से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़कें, बाजार और फुटपाथ आम लोगों की सुविधा के लिए हैं और उन पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। मानसून को देखते हुए दिए निर्देश निरीक्षण के दौरान सचिव ने मानसून को देखते हुए नालों और नालियों की नियमित सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जलभराव की स्थिति से बचने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। लोगों से भी किया सहयोग का आग्रह अजीत कुड़ी ने आमजन से सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने, स्वच्छता बनाए रखने और शहर को व्यवस्थित एवं सुगम बनाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, पीएलवी सूरजभान कछवाहा, नगर परिषद के कर्मचारी तथा खैरथल थाना पुलिस की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने डीएलएसए सचिव को आश्वस्त किया कि सफाई, सड़क मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरे किए जाएंगे।