खैरथल-तिजारा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को जिले के सोडावास कस्बे में कार्रवाई की। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के निर्देश पर हुई। टीम ने इस दौरान 35 किलो सरस घी जब्त किया और 25 लीटर एक्सपायर्ड पैक्ड जूस को मौके पर ही नष्ट करवाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया- कार्रवाई में राधा रानी डेयरी को दूध सप्लाई करने वाले मैसर्स श्यामलाल से मिलावटी दूध का सैंपल लिया गया। डेयरी मालिक को बिना फूड लाइसेंस वाले सप्लायरों से दूध नहीं खरीदने के लिए भी कहा गया। घी का सैंपल लिया टीम ने मैसर्स राहुल किराना एंड जनरल स्टोर से प्योर सरस घी का सैंपल लिया और करीब 35 किलो घी जब्त किया। इसके अलावा, मैसर्स जैन श्री श्याम मिष्ठान भंडार और मैसर्स दायमा स्वीट्स एंड नमकीन से 25 लीटर एक्सपायर्ड पैक्ड जूस मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जांच के लिए लैब भेजे सैंपल विभाग ने सभी खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों ने बताया कि एफएसएसएआई अधिनियम, 2006 के तहत जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को खाद्य लाइसेंस सही जगह पर लगाने, दुकानों में साफ-सफाई रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। कार्रवाई के समय खाद्य सुरक्षा अधिकारी बबीता, मनीष शर्मा और सुभाष सिंह भी मौजूद थे।