खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने शनिवार को भिवाड़ी में निर्माणाधीन 34 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि सिविल कार्य करीब 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है और फिनिशिंग कार्य तेजी से जारी है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 30 अप्रैल से पहले सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि परियोजना समय पर शुरू हो सके। एसटीपी के बाद कलेक्टर ने निर्माणाधीन जिला अस्पताल का भी जायजा लिया। उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे आमजन को जल्द बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। बीड़ा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने बीड़ा (BIDA) अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कर क्षेत्रवासियों को मजबूत आधारभूत ढांचा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जल निकासी और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा कलेक्टर ने बताया कि एसटीपी परियोजना के पूरा होने से भिवाड़ी की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और शहर में आधुनिक सीवरेज सिस्टम विकसित होगा, जो दीर्घकालिक रूप से फायदेमंद साबित होगा। नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यों में गति बनी रहे और किसी प्रकार की देरी न हो। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा मिश्र, नगर परिषद अधिकारी अंकित, जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. सागर अरोड़ा सहित बीड़ा के अधिकारी मौजूद रहे।