पंचायतीराज चुनाव-2026 के तीसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान की तैयारियों का जायजा लेने जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम गुरुवार को खंडार पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचे। वे खिदरपुर जादौन में मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए नाव में सवार होकर बनास नदी पार कर पहुंचे। उन्होंने खिदरपुर जादौन, नायपुर और रोडावद सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के निर्देश दिए। पेयजल, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था जांची निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, छाया, स्वच्छता, मेडिकल सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सहित जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैंप सहित सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं, ताकि मतदान के दिन किसी को परेशानी नहीं हो। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जनरेटर से पावर बैकअप की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध की पालना सुनिश्चित करने को कहा। नाव से खिदरपुर जादौन पहुंचे, ग्रामीणों से किया संवाद जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम नाव से बनास नदी पार कर खिदरपुर जादौन पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर मतदान से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी सतर्कता और आपसी समन्वय से काम करें। अवैध खनन रोकने के लिए लगाए नाकों का भी निरीक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी ने रोडावद क्षेत्र में अवैध खनन की रोकथाम के लिए वन, राजस्व और पुलिस विभाग की ओर से लगाए गए नाकों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सविता शर्मा, तहसीलदार पुष्कर सिंह, विकास अधिकारी दीपचन्द नागर, सीओ ग्रामीण रामधन जाट, थानाधिकारी बनी सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।