अलवर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रही 7 वर्षीय बालिका को टक्कर मार दी। हादसा खेड़ली कस्बे के बाइपास रोड पर सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। स्कॉर्पियो गाड़ी की जोरदार टक्कर से बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर गिर गई। घटना के बाद आसपास के लोग और परिजन बालिका प्रिया गर्ग (7) पुत्री रविकांत गर्ग को खेड़ली उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार रविवार को ही यहां कस्बे में शिफ्ट हुआ था। दुकान से सामान लेकर लौट रही थी बालिका पुलिस ने बताया- प्रिया घर के पास स्थित दुकान से खाने-पीने का सामान लेकर लौट रही थी। जैसे ही वह सड़क पार करने लगी, तेज स्पीड में आ रही स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं वाहन नंबर के आधार पर आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है। बेटी के पिता प्राइवेट टीचर हैं, जो गांव बहसीना से रविवार को शिफ्ट हुए थे। वे खेड़ली में किसी प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने के मकसद से आए थे। बेटी की सोमवार सुबह मौत से परिवार में कोहराम मच गया।