खींवसर विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों को लेकर विधायक रेवंतराम डांगा ने शुक्रवार को मुंदियाड़, हिलोड़ी और भटनोखा में कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान ग्रामीणों को सामुदायिक भवन, पुस्तकालय, स्कूलों में टीन शेड, कक्षा-कक्ष और सड़कों सहित विभिन्न कार्यों की सौगात दी गई। मुंदियाड़ में 11 कार्यों का लोकार्पण मुंदियाड़ में विधायक डांगा ने सामुदायिक पुस्तकालय का लोकार्पण किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में टीन शेड और कक्षा-कक्ष मय बरामदा और राजकीय प्राथमिक विद्यालय में टीन शेड निर्माण कार्य भी ग्रामीणों को समर्पित किए। इसके अलावा जाटों के मोहल्ले, चाम्पावतों के मोहल्ले, हरिजनों के बास, गोस्वामी मोहल्ले, मेघवालों के मोहल्ले और राइकों के बास में बनाए गए सामुदायिक भवनों का लोकार्पण किया गया। ईदगाह के पास सभा चौकी निर्माण कार्य का भी लोकार्पण हुआ। हिलोड़ी से दो सड़कों का शिलान्यास हिलोड़ी में पंचायत भवन के गेट निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही हिलोड़ी से कंकड़ाय तक डामर सड़क और हिलोड़ी से श्री देवनारायण जी मंदिर तक डामर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। भटनोखा में मंदिरों में बने कमरे किए समर्पित भटनोखा में भैरु बाबा मंदिर और श्री देवनारायण जी मंदिर में कमरा मय बरामदा निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। विधायक ने कहा कि धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक उपयोग के कार्यों से ग्रामीणों को सुविधाएं मिलेंगी। बोले- घोषणाओं तक सीमित नहीं रहेंगे विकास कार्य विधायक रेवंतराम डांगा ने कहा कि जनता से किए गए वादों को केवल घोषणाओं तक सीमित रखना उनकी प्राथमिकता नहीं है। योजनाओं और स्वीकृतियों के बाद निर्माण कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ सेवा का अवसर दिया है, उस विश्वास को विकास कार्यों के जरिए मजबूत करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। खींवसर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में आने वाले समय में भी विकास की नई सौगात पहुंचाई जाएगी।