फलोदी जिले के कोलू निम्बायत गांव में पिछले 11 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशान किसानों ने गुरुवार को जीएसएस पर प्रदर्शन किया। किसानों ने बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि डिस्कॉम का कोई अधिकारी उनकी समस्या सुनने नहीं पहुंचा। 10 से ज्यादा बिजली के पोल टूटकर गिरे किसानों ने बताया कि 5 जुलाई को आई तेज आंधी के दौरान कोलू निम्बायत जीएसएस से जुड़े बालाजी फीडर पर 10 से अधिक बिजली के पोल टूटकर गिर गए थे। तभी से इस फीडर से जुड़े सभी नलकूप बंद पड़े हैं। बिजली न होने के कारण खेतों में सिंचाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। किसानों के सामने सिंचाई का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बोई गई फसलें पानी के अभाव में सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान की आशंका है। किसानों का आरोप है कि उन्होंने कई बार शिकायत की और 181 पर भी परिवाद दर्ज कराया, लेकिन इसके बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से कई बार संपर्क किया और ऑनलाइन शिकायतें भी दर्ज कराईं, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से क्षतिग्रस्त पोलों को तत्काल बदलकर बालाजी फीडर की बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल करने की मांग की है। जीएसएस पर प्रदर्शन के दौरान लखसिंह, अर्जुनराम चौधरी, मदनलाल सुथार, चैन सिंह, भंवर राम मेघवाल, नखतसिंह, चतुर सिंह, गोरखसिंह, रामचंद्र, ताराराम, मोतीसिंह, रेवंत राम, जसवंत सिंह, मदन मेघवाल, अशोक कुमार सहित कई अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। इस संबंध में डिस्कॉम के एइएन हनुमानराम ने बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।