कोटा में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर शनिवार दोपहर अन्नपूर्णा रसोई में खाना खाने पहुंच गए। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने बताया कि जली हुई रोटियां परोसी जाती है। रसोई में चावल भी नहीं थे। गंदगी देखकर मंत्री ने नाराजगी जताई और नगर निगम कमिश्नर को जांच के निर्देश दिए। मंत्री दिलावर ने खाने की क्वालिटी और रसोई की व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान भोजन की क्वालिटी निर्धारित मापदंडों के अनुसार पाई गई, लेकिन कई अव्यवस्थाएं सामने आईं। खाना परोसने के लिए पर्याप्त स्टाफ भी मौजूद नहीं था। मंत्री ने देखा कि वहां खाना खाने आए लोग खुद ही रोटी-सब्जियां ले रहे थे। टेबल पर लोगों की ओर से खाना खाने के बाद छोड़ी प्लेट उठाने की भी व्यवस्था नहीं थी। भोजन करने के लिए लगाई गई टेबल भी गंदी थी। मंत्री मदन दिलावर ने मौके पर व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कोटा नगर निगम आयुक्त ओपी मेहरा को संबंधित अन्नपूर्णा रसोई के खिलाफ जांच करने और व्यवस्थाओं में मिली खामियों के लिए उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से अन्नपूर्णा रसोई में आम लोगों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण और सम्मानजनक तरीके से भोजन उपलब्ध कराना है। ऐसे में भोजन की उपलब्धता, साफ-सफाई और भोजन परोसने की व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।