कोटा में पोती को दिखाने हॉस्पिटल आ रहे दादा की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि बाइक सवार पत्नी व पोती को भी चोट लगी है। घटना महावीर नगर थाना क्षेत्र की मंगलवार दोपहर साढ़े 12 बजे के आसपास की है। सीतापुरा जिला बूंदी निवासी भंवरलाल (62) अपनी पत्नी संतोष बाई (58) के साथ अपनी 10 साल की पोती को दिखाने बाइक से न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल जा रहे थे। कोटिया भील सर्किल पर कैदियों को ले जा रही सेंट्रल जेल की बस में बाइक के टक्कर मार दी पुलिस ने देर शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया। बेटे नरेश कुमार ने बताया कि पिता भंवर लाल मंगलवार सुबह 11 बजे के आसपास घर से निकले थे।बाइक पर मां व मेरी 10 साल की बेटी सवार थी। पिता मेरी बेटी को दिखाने कोटा हॉस्पिटल आ रहे थे। हॉस्पिटल पहुंचने से करीब 500 मीटर पहले जेल की बस ने पिता की बाइक को सामने से टक्कर मार दी। सेंट्रल जेल की बस हॉस्पिटल से कैदियों को लेकर वापस जेल की तरफ जा रही थी। बस ड्राइवर की लापरवाही से हादसा हुआ। हादसे के बाद पिता, मां व बेटी तीनों बाइक से गिर गए। तीनों को हॉस्पिटल लाया गया। पिता के सीने में दर्द हो रहा था। उन्हें सांस लेने में दिक्क़त हो रही थी। इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई। जबकि बेटी के कंधे पर व मां के हाथ पैर में चोट लगी है। बेटी अभी हॉस्पिटल में भर्ती है। पिता सेलून (नाई का काम ) लगाते थे। मेरी बेटी को 2 महीने पहले चार-पांच कुत्तों ने काट लिया था। बेटी की पसलियां टूट गई थी। उसका रुटीन चेकअप कराने पिता हॉस्पिटल आ रहे थे। महावीर नगर थाना ASI प्रदीप कुमार ने बताया जेल की बस इलाज के बाद बंदियों को वापस जेल लेकर जा रही थी, जबकि भंवरलाल अपनी पोती को दिखाने हॉस्पिटल आ रहे थे। कोटिया भील सर्किल पर हादसा हुआ। भंवरलाल के अंदरूनी चोट लगी। उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की शिकायत पर बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।