कोटा के रानपुर इलाके में फार्विनेक्स केमफार्म प्राइवेट लिमिटेड की केमिकल फैक्ट्री में टैंक की सफाई के दौरान एक युवक की मौत हो गई। युवक फैक्ट्री में हेल्पर के रूप में काम करता था। शनिवार शाम करीब 6 बजे उसे फैक्ट्री के अंदर बने टैंक की सफाई के लिए भेजा गया था। टैंक के अंदर अचानक गैस का रिसाव हुआ, जिससे युवक अचेत होकर गिर पड़ा। साथी कर्मचारियों ने उसे तुरंत जगपुरा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग करने लगे। रानपुर थाना पुलिस के एसआई भीम सिंह ने बताया कि विक्रम लखावा (23) लखावा गांव का रहने वाला था। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी से फैक्ट्री में हादसा, मुआवजे की मांग परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि फैक्ट्री में बिना किसी सुरक्षा उपकरण के मजदूरों से काम करवाया जाता है। उनका कहना है कि न तो मास्क दिए जाते हैं, न ग्लव्स और न ही गैस से बचाव के कोई इंतजाम मौजूद हैं। कांग्रेस नेता देवा भड़क ने भी मामले को गंभीर बताते हुए फैक्ट्री पर जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि इलाके में कई फैक्ट्रियां बिना सुरक्षा मानकों के संचालित हो रही हैं, जिसके चलते पहले भी कई मजदूर अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं, फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से 21 लाख रुपए मुआवजे की बात कही जा रही है।