कोटा में स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने और उनका समाधान करवाने के लिए 'भास्कर समाधान' आमजन की सशक्त आवाज बन गया है। शहर के अलग–अलग वार्ड की समस्याओं का विभाग ने समाधान भी करवाया है। इनमें नालियों की महीने से सफाई न होना और लो प्रेशर की समस्या का समाधान शामिल है। हालांकि, शहर के कई इलाकों में अब भी बदहाली और प्रशासनिक अनदेखी लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है। अनंतपुरा में कॉलोनी में जलभराव की समस्या है तो कुनरी में सड़क के गड्ढे से लोग चोटिल हो रहे हैं। ऐसे ही नया नोहरा में खराब स्ट्रीट लाइट और गणेश नगर में पार्क की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोग परेशान हैं। लोगों ने इन समस्याओं पर भी तुरंत एक्शन लेने की मांग की है। पहले उन समस्याओं के समाधान पर एक नजर जिसने स्थानीय लोगों को राहत दी… पोस्ट के बाद साफ हुई नालियां कोटा के रंगबाड़ी की कृष्णा नगर कॉलोनी से मुरली पंकज ने नाली की सफाई न होने की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि बहुत दिनों से नालियों की सफाई नहीं हुई है, जिससे मच्छरजनित रोगों के फैलने का डर बना हुआ है। ‘भास्कर समाधान’ पर इस समस्या के पोस्ट होने के बाद संबंधित विभाग ने सफाई करवा समाधान कर दिया है। पूरी गली की जाम नालियों की सफाई विष्णु नागर ने स्वामी विवेकानंद नगर से शिकायत पोस्ट की थी कि उनकी पूरी गली में नालियां चोक हैं और सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। न तो समय से सफाई होती है न ही कचरा नियमित रूप से उठ रहा है। जमादार भी सुनवाई नहीं करता। 'भास्कर समाधान' पर समस्या पोस्ट होने के बाद हैल्थ इंस्पेक्टर धर्मेन्द्र कुमार ने टीम भेजकर पूरी गली की नालियों की सफाई करवा कचरा–मलबा भी उठवा दिया। चोक नाली से बैठा मकान, नालियां हुईं साफ नंदन गुप्ता ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, महावीर नगर से शिकायत की थी कि नालियां समय पर साफ न होने से उनका मकान का एक हिस्सा बैठ गया था। कई बार शिकायत की लेकिन समाधान नहीं हुआ। 'भास्कर समाधान' पर उनकी समस्या पोस्ट होने के बाद हैल्थ इंस्पेक्टर सुरेन्द्र ने सफाई करवाकर उनकी समस्या का समाधान करवा दिया है। पानी के लो प्रेशर का हुआ समाधान लाडपुरा के चंद्रेसल से गिरीराज नागर ने पानी की सप्लाई के समय लो प्रेशर की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि प्रेशर कम होने से पानी छत पर रखी टंकियों तक नहीं चढ़ता। इस समस्या के पोस्ट होने के बाद पीएचईडी के अधिकारियों ने एक्शन लिया और कम प्रेशर की समस्या का समाधान करवा दिया है। नितेश मीणा बनीं ‘स्टार ऑफिसर’ कोटा के वार्ड 10 में लो प्रेशर से पानी की सप्लाई आ रही थी। एक शिकायतकर्ता ने कई बार संबंधित विभाग के कर्मचारियों को जानकारी देकर इसे दुरुस्त करवाने की अपील की लेकिन समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उसने अपनी समस्या भास्कर समाधान पर पोस्ट की। उनकी समस्या के पोस्ट होने के बाद जेईएन नितेश मीना (PHED) ने एक्शन लिया और कम प्रेशर की समस्या का समाधान करवा दिया है। अपने क्षेत्र की समस्याएं पोस्ट कर यूजर विभागों को जमीनी हकीकत बता रहे हैं और अधिकारी अपनी टीम से उसका समाधान भी करवा रहे हैं। आप भी अपने क्षेत्र, वार्ड, सेक्टर या गांव की समस्या हमें पोस्ट कर सकते हैं। भास्कर एप पर अपनी समस्या पोस्ट करने लिए यहां क्लिक कीजिए… अब उन समस्याओं पर एक नजर जिनके समाधान होना अभी बाकी हैं… सड़क पर बना गड्ढा, हादसे का डर कोटा के कुनरी के दुर्गा नगर से बोधराज सिंह ने सड़क पर बने जानलेवा गड्ढे की समस्या दैनिक भास्कर एप के 'भास्कर समाधान' पर पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि कुन्हाड़ी कैनाल रोड, दुर्गा नगर गली नंबर 4 में सड़क पर कई सालों से गड्ढा बना हुआ है। बरसात में इसमें पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। कुछ समय पहले ही यहां सीसी रोड बनाई गई है बावजूद इसके इस गड्ढे को ठीक नहीं किया गया है। कॉलोनी में भरा पानी, बच्चा डूबने से बचा क्रिकेट अकादमी, तालाब गांव, अनंतपुरा से जीशान खान ने कॉलोनी में जलभराव की समस्या पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि कॉलोनी में नाला नहीं होने से घरों से निकलने वाली नालियों का सारा पानी यहां बने एक खाली प्लॉट में इकट्ठा हो रहा है। कुछ समय पहले साइकिल चलाते समय एक बच्चा भी इस पानी में गिर चुका है जिसे लोगों की सजगता से बचा लिया गया था। प्लॉट में लगातार पानी आने से यहां बने घरों के गिरने का डर भी बना हुआ है। इसका समाधान करवाया जाए। केडीए बोला बजट नहीं, अंधेरे में लोग नया नोहरा की बेंचमार्क टाउनशिप से सौरभ ने महालक्ष्मीपुरम फ्लैट्स के पीछे लगी बहुत सी रोड लाइट्स के खराब होने की शिकायत पोस्ट की है। उन्होंने बताया कि जब इस बारे में संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बताया तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि अभी उनके पास बजट नहीं है। पार्क बदहाल, खेल नहीं पाते बच्चे अमित कुमार शर्मा ने घाटारक्षक हनुमान मंदिर वाले पार्क में मिट्टी की कमी और पानी भरने की समस्या शेयर की है। उन्होंने बताया कि यह समस्या बीते कई सालों से बनी हुई है और कई ठेकेदार बदल जाने के बाद भी इसका समाधान नहीं हो सका है। न तो आज तक मिट्टी डालकर इसकी लेवलिंग ही ठीक की गई है न ही रखरखाव ही अच्छे से किया जाता है। इसका समाधान करवाया जाए। पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ की ये खबरें भी पढ़िए… 1.‘भास्कर समाधान’: पोस्ट होते ही मिल रहा हल:सफाई, पानी और सड़क हैं पब्लिक की सबसे बड़ी समस्या, खुले नाले से संक्रमण का डर 2.‘भास्कर समाधान’: समस्या पोस्ट होते ही मिल रहा हल:कॉलोनी में जल भराव से आना-जाना मुश्किल, पार्क में हरे पेड़ों को सीमेंट से कवर किया 3.जयपुर में 'भास्कर समाधान' से चमकी स्ट्रीट लाइटें:जनता की आवाज का असर; नगर निगम उपायुक्त मनीषा यादव बनीं ‘स्टार ऑफिसर’ 4.जयपुर में पहली बारिश ने खोली प्रशासन की पोल:खाली प्लॉटों में आवारा पशुओं का डेरा; XEN रूपाराम बने आज ‘स्टार ऑफिसर’