त्योहारी सीजन के चलते शहर की स्वच्छता को लेकर कोटा नगर निगम ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसकी मॉनिटरिंग कोटा की मेयर अनुसुईया खुद देख रही हैं। उन्होंने बताया कि शहर में त्योहारी सीजन में होने वाले कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से सफाई व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मेयर ने बताया कि शहर के हर वार्ड में सफाई कर्मचारियों की संख्या में बढ़ाई गई है, ताकि हर क्षेत्र में नियमित और बेहतर ढंग से सफाई हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरी व्यवस्था की वह खुद व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रही हैं। विशेष अभियानों की शुरुआत सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए नगर निगम की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मेडिकल कॉलेज परिसर में एक सप्ताह का विशेष सफाई अभियान चलाया गया। मेयर ने स्पष्ट किया कि अगर कहीं भी सफाई में कोई कमी रह जाती है, तो इस अभियान की अवधि को आगे बढ़ाकर सफाई कार्य को पूरा किया जाएगा। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था को पटरी पर लाने और उसे बेहतर बनाने में थोड़ा समय लगता है। नगर निगम इस दिशा में लगातार काम कर रहा है और आने वाले दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव स्पष्ट रूप से देखने को मिलेंगे। उन्होंने बताया कि दीवाली तक शहर के हर वार्डो में सफाईकर्मी बढाए जा रहे हैं। रोज सुबह और शाम सफाई करवाई जा रही है। इसके अलावा दीवाली के बाद शहर में हर वार्ड में सफाई को लेकर विशेष अभियान भी चलेगा, जिसमें वे खुद शामिल होंगी।