कोटा शहर में दिनदहाड़े एक चोर बेखौफ होकर घर में घुसा। परिवार के लोग घर में ही अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। चोर सामान तलाश रहा था। इस बीच एक महिला की नींद खुल गई। इसके बाद भी चोर नहीं डरा। महिला के पूछने पर कि कौन है, बोला- आंटी मैं हूं। मामला महावीर नगर थाना क्षेत्र का है। महावीर नगर थाना अधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ से दो घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। स्कूटी पर आया था चोर महावीर नगर थर्ड इलाके में रहने वाले पीड़ित कल्याण मल प्रजापति ने बताया कि 28 जून को उनका बेटा, बहू और बच्चे सोमनाथ से लौटे थे। यात्रा की थकान के कारण दोपहर करीब तीन बजे सभी लोग कमरों में आराम कर रहे थे। इस दौरान एक युवक स्कूटी से कॉलोनी में आया। पहले उसने स्कूटी को घर के पास खड़ा किया और डिग्गी से कुछ सामान निकालने के बाद मुख्य दरवाजा खोलकर घर में प्रवेश कर गया। बदमाश ने पहले ग्राउंड फ्लोर की तलाश की, कुछ नहीं मिलने पर वह पहली मंजिल पर आ गया। मैं और मेरी पत्नी सो रहे थे। बेटे-बहू का सामान भी हमारे कमरे में ही रखा था। चोर कमरे में घुसा और अलमारी में रखा पर्स चुरा लिया, जिसमें करीब पांच से सात हजार रुपए नकद थे। इसके बाद उसने फ्रिज खोलने की कोशिश की, तभी पत्नी की नींद खुल गई। चोर को देखकर चिल्लाई और बोली , "कौन है?" तो चोर ने कहा, “आंटी, मैं हूं।” महिला के शोर मचाते ही परिवार के अन्य सदस्य भी कमरों से बाहर आ गए। खुद को घिरता देख वोर तुरंत घर से निकलकर स्कूटी से फरार हो गया। घटना के बाद परिवार ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए और महावीर नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।