कोटा के दादाबाड़ी स्थित हनुमान नगर क्षेत्र में पिछले करीब एक महीने से पेयजल संकट बना हुआ है। कहीं कम दबाव से पानी आ रहा है, तो कहीं नियमित सप्लाई नहीं होने से लोग परेशान हैं। समस्या को लेकर स्थानीय पार्षद अर्पित जैन ने वार्डवासियों के साथ जलदाय विभाग के जेईएन को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है। वार्ड अध्यक्ष विजय पारेता ने बताया कि कई घरों में एक महीने से पानी की सप्लाई ठीक नहीं हो रही है। अधिकारियों को कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। विभाग को आंदोलन की चेतावनी दी पार्षद अर्पित जैन ने कहा कि त्योहारों के दौरान पानी की जरूरत और बढ़ जाती है। इसके बावजूद विभाग की ओर से व्यवस्था सुधारने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर लोगों को परेशान होना पड़ रहा है, जो गंभीर लापरवाही है। पार्षद ने जलदाय विभाग को चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक वार्ड संख्या 86 में पेयजल व्यवस्था सुचारू नहीं हुई तो वार्डवासियों और आमजन के साथ मिलकर विभाग का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी जलदाय विभाग की होगी।