कोटा में बुधवार देर रात को हिस्ट्रीशीटर के घर में घुसकर 5-6 बदमाशों ने तोड़फोड़ और परिजनों से मारपीट कर दी। बदमाश हाथ में तलवार लेकर आए थे। घटना दादाबाड़ी थाना क्षेत्र के बालाकुंड इलाके की है। हिस्ट्रीशीटर के घरवालों ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड लिया। घटना वाला मकान दादाबाड़ी थाने के हिस्ट्रीशीटर चंदू उर्फ चंद्रप्रकाश का है। घटना के दौरान वह घर पर मौजूद नहीं था। बदमाशों ने उसके छोटे भाई और पत्नी के साथ मारपीट की। परिजनों ने दादाबाड़ी थाने में शिकायत दी है। जेल से छूटने के बाद बढ़ी रंजिश जानकारी के अनुसार, चंदू उर्फ चंद्रप्रकाश पहले अवैध शराब बेचने का काम करता था। जेल जाने के बाद इलाके में विष्णु नाम का युवक शराब बेचने लगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते महावीर नगर हरिजन बस्ती से आए बदमाशों ने चंदू के घर पर हमला कर दिया। बदमाशों ने मकान में तोड़फोड़ करने के साथ परिजनों से मारपीट की। पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश दादाबाड़ी थाना अधिकारी बलदेवराम ने बताया कि बुधवार रात करीब 10:30 बजे महावीर नगर हरिजन बस्ती के बदमाश हिस्ट्रीशीटर के घर आए और मारपीट कर चले गए। परिजनों की शिकायत मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते झगड़ा हुआ। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास कर रही है।