कोटा के गुमानपुरा में एक 26 साल का युवक कमरे में फंदे से लटका मिला। मामले में पिता ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि बेटे की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया। सूचना पर गुमानपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबीएस हॉस्पिटल की मोर्च्युरी में रखवाया। मृतक की पहचान कोटड़ी इलाका निवासी लोकेश के रूप में हुई है। घटना बुधवार रात करीब 9 बजे की है। पुलिस ने गुरुवार को मृतक का पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। गुमानपुरा थाना अधिकारी एसके सिंह ने बताया कि लोकेश की उम्र 26 साल थी और वह बेरोजगार था। उसके पिता मजदूरी करते हैं। पिता ने कहा-हत्या कर शव फंदे पर लटकाया लोकेश के पिता पुरण चंदेल ने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लोकेश बुधवार को मोहल्ले में पुताई का काम कर रहा था। दोपहर बाद वह घर लौट आया था। पिता का आरोप है कि घर पर साड़ी से गला घोंटकर बेटे को कड़े पर लटकाया गया। उन्होंने बताया कि लोकेश के पैर घुटनों के बल जमीन पर टिके हुए थे। पिता के अनुसार, उनके घर में साड़ी भी नहीं थी। उनका आरोप है कि हत्या करने वाले ही साड़ी लेकर आए थे। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पिता के हत्या के आरोपों की भी जांच की जाएगी।