कोटा में डॉग को लेकर मॉर्निंग वॉक पर निकला युवक गश खाकर जमीन पर गिर गया। अचेत हालत में उसने पड़ोसी का दरवाजा खटखटाया और मदद मांगी। पड़ोसी ने उसे संभाला। फिर उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल लाए। हॉस्पिटल में लाते ही युवक की मौत हो गई। घटना शुक्रवार तड़के 4 बजे की महावीर नगर थर्ड इलाके की है। युवक मनदीप सिंह (45) लाइट का काम करता था। घटना के वक्त परिजन बाहर गए हुए थे। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। पड़ोसी मनोज वैष्णव ने बताया कि मनदीप पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। मनदीप के परिजन 28 जून को वैष्णो देवी माताजी गए थे। मनदीप घर में अकेला था। वो रोज सुबह डॉग को लेकर मॉर्निंग वॉक पर जाता था। शुक्रवार को भी तड़के 5 बजे करीब घर से निकला था। घर से बाहर निकलते ही अचानक वो जमीन पर गिर गया। उसने मदद के लिए हमारे घर का दरवाजा खटखटाया। आवाज सुनकर बाहर पहुंच देखा तो, मनदीप जमीन पर अचेत पड़ा हुआ था। उस घर के अंदर बैठाया। पानी पिलाया। मनदीप ने सीने में हल्का दर्द होने की बात कही और कहा मुझे हॉस्पिटल ले चलो। उसे तुरंत हॉस्पिटल लेकर आए। परिजनों को सूचना दी। परिजन भी कोटा के लिए रवाना हो गए। शुक्रवार सुबह 8 बजे के आसपास इलाज के दौरान मनदीप ने दम तोड़ दिया। मनदीप के भाई रणवीर सिंह ने बताया कि मनदीप के कोई बीमारी नहीं थी। संभवतया अटैक आने से उसकी मौत हुई है। हमने पोस्टमार्टम की कार्रवाई से इनकार कर दिया है। हम कोई पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते। महावीर थाना ASI महावीर ने बताया कि परिजनों ने अटैक से मौत होना बताया है। लिखित में तहरीर देकर पोस्टमार्टम व पुलिस कार्रवाई से इनकार किया है।