कोटा मेडिकल कॉलेज के न्यू हॉस्पिटल (NMCH) की सेंट्रल लैब व्यवस्था में बड़ा सुधार किया गया है। मरीजों की बढ़ती संख्या और सैंपल रूम नंबर-49 के बाहर लगातार भीड़ देखते हुए नई व्यवस्था लागू की गई है। सैंपल कलेक्शन रूम को अब 14 नंबर कमरे में शिफ्ट किया गया है। पहले सैंपल रूम नंबर 49 के बाहर ज्यादा भीड़ होने के कारण मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इससे न केवल उनकी परेशानी बढ़ती थी, बल्कि कार्य व्यवस्था भी प्रभावित होती थी। पर्याप्त जगह नहीं होने से परेशान होते थे मरीज-परिजन सैंपल रूम नंबर 49 से शिफ्ट करने का कारण है कि यहां पर्याप्त जगह नहीं थी। अब नए स्थान पर पर्याप्त जगह उपलब्ध होने से मरीजों को बैठने की उचित व्यवस्था मिलने से राहत मिलेगी। मेडिकल कॉलेज के प्रिसिंपल डॉ. नीलेश कुमार जैन ने बताया- मरीजों की सुविधा सर्वोपरि है। इसी दिशा में यह कदम उठाया गया है। इससे भीड़भाड़ कम होगी और सेवाएं बेहतर ढंग से मिल सकेंगी। हीटवेव के दौरान एहतियात बरतने की अपील बढ़ते तापमान और तेज गर्मी को देखते हुए चिकित्सा विभाग ने आमजन से एहतियात बरतने की अपील की है। सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र नागर ने बताया- आगामी दिनों में तापमान में लगातार वृद्धि होने से हीटवेव की संभावना है। इससे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को दिन के समय तेज धूप में अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए अधिक से अधिक तरल पदार्थ, जैसे दही, छाछ, नींबू पानी, लस्सी, ठंडा पानी, जूस और ओआरएस का सेवन करना जरूरी है। गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्ग और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी रखने की हिदायत दी गई है। किसी व्यक्ति को हल्का बुखार, सिरदर्द, जी मचलना, उल्टी, घबराहट, बेहोशी, कमजोरी, या शरीर में ऐंठन जैसी समस्या महसूस हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच करानी चाहिए।