राजस्थान के सबसे बड़े ऐतिहासिक कोटा दशहरा मेले में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने इंतजाम किए हैं। कोटा शहर एसपी तेजस्वी गौतम ने बताया- मेले में रोज हजारों की संख्या में महिलाएं, बच्चे और परिवार आते हैं, जिसे देखते हुए सुरक्षा के प्रबंध किए हैं। महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए मेले के मुख्य प्रवेश द्वार के पास विशेष महिला हेल्प डेस्क खोला गया है। इस हेल्प डेस्क पर कालिका गश्त यूनिट की टीमें मुस्तैद रहेंगी। वहीं वाईसीएलजी और सुरक्षा सखियां रोटेशन के आधार पर अपनी सेवाएं देंगी। महिलाओं और बच्चों को किसी भी समस्या, पुलिस सहायता या मेले से जुड़ी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही राजकॉप सिटीजन एप, आपातकालीन नंबर (100 व 112), स्टूडेंट सेल, ऑपरेशन गरुड़ व्यू और नए कानूनों के प्रावधानों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। 500 से 600 जवान और ड्रोन से निगरानी मेले में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए 500 से 600 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। इनमें कोटा शहर पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा आरएसी के जवान, होमगार्ड और नए रिक्रूट्स शामिल हैं। मेले में छेड़खानी या किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पूरे मेला परिसर पर नजर रखने के लिए ड्रोन यूनिट के माध्यम से आसमान से सर्विलांस रखी जा रही है।