कोटा ग्रामीण इलाके में बाजार में नकली नोट खपाने आए एक युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। तलाशी में युवक के बैग से 200 और 100 रुपए के नकली नोटों की गड्डी मिली। यह घटना रविवार शाम बपावर थाना क्षेत्र की है। हाट बाजार में युवक 200 रुपए देकर सामान ले रहा था। दुकानदार ने नोट देखा तो उसे शक हुआ तो उसने भागकर आरोपी को पकड़ लिया। बपावर थाना के SHO सुरेश मीणा ने बताया- आरोपी आनंद कुशवाह (40) एमपी के गुना निवासी है। आरोपी आनंद से पूछताछ की जा रही है। आनंद के पास से 200 और 100 रुपए के नोटों के 59 हजार 300 के नकली नोट बरामद किए गए। तीन-चार जगह 200 रुपए देकर 50 का सामान खरीदा, खुल्ले अपने पास रखता बपावर में हर रविवार को हाट बाजार लगता है। क्षेत्र के व्यापारी हाट में दुकान लगाते हैं। जानकारी के अनुसार- आरोपी युवक आनंद हाट वाले दिन नकली नोट खपाने आता था। आरोपी युवक आनंद बिना नंबर की बाइक से बपावर आया। उसने तीन-चार जगह 200 रुपए का नोट देकर 50 रुपए तक का सामान खरीदा। बाकी खुल्ले नोट अपने पास रख लिए। युवक ने शाम करीब 7 बजे किराने की दुकान पर 200 रुपए का नोट देकर 50 रुपए का सामान खरीदा। बाकी खुल्ले रुपए लेकर चला गया। दुकानदार ने नोट चेक किया तो नकली निकला। दुकानदार ने सब्जी मंडी तक आनंद का पीछा किया। शोर मचाकर आनंद को पकड़ लिया। मौके पर भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने युवक को दो-चार थप्पड़ मारे। आनंद के जेब की तलाशी ली। जेब से 200 के 12-13 नकली नोट मिले। युवक के पास एक बैग था। इसमें बच्चों के आइटम, सब्जी सहित अन्य चीजें रखी हुई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी आनंद को पूछताछ के लिए थाने ले गई। थाने में बैग की तलाशी में 200 नोट के 50-50 के 4 बंडल, 200 नोट के 85 नोट का बंडल, 100 के नोट के 23 नोट के बंडल मिले। पूछताछ में आरोपी ने ये नकली नोट सोशल मीडिया दोस्त रवि से 20 हजार नकद के बदले लाना बताया।