कोटा में बहन को ट्यूशन छोड़ने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। कार की टक्कर से स्कूटर सवार भाई-बहन सड़क पर गिर गए। दोनों को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां भाई की मौत हो गई। हादसा आरकेपुरम थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह का है। आरकेपुरम थाना ASI चिरोंजी लाल ने बताया कि हादसे में दिव्यांश चावला (28) की मौत हो गई है। युवक के सिर पर अंदरूनी चोट लगी थी। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। युवक अकाउंट का काम करता था। तीन बहनों में इकलौता भाई था। पिता मोड़क स्टेशन पर दुकान (होटल) लगाते हैं। बहन को कोचिंग छोड़ने जा रहा था युवक युवक के चाचा गोपीचंद चावला ने बताया कि भतीजा बुधवार सुबह साढ़े 8 बजे के करीब अपने घर स्वामी विवेकानंद नगर से स्कूटर पर छोटी बहन को कोचिंग छोड़ने के लिए तलवंडी जा रहा था। आरकेपुरम थाना से थोड़ा आगे आर्केड़िया सर्किल पर टर्न लेते समय सामने से आ रही कार ने स्कूटर के टक्कर मार दी। टक्कर में दोनों भाई-बहन स्कूटर से नीचे गिर गए। भतीजे के सिर पर चोट लगी। भतीजी ने फोन करके परिवार को सूचना दी। इसके बाद भतीजे को हॉस्पिटल लेकर गए। कार चला रहा व्यक्ति भी हॉस्पिटल तक आया। डॉक्टरों ने भतीजे को मृत घोषित कर दिया।