कोटा में शादी का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया हैं। लड़की को युवक पक्ष के लोग बाजार में खरीददारी के लिए लेकर गए थे। इस दौरान लड़की डेढ़ लाख रुपए लेकर भाग गई। बाद में पता चला कि लड़की पहले से शादीशुदा है। मामला भीमगंज मंडी थाने का है। SHO रामकिशन गोदारा ने बताया कि दोनों ही पक्षों ने थाने में शिकायत दी है। लड़का पक्ष ने शादी का झांसा देकर ठगी का आरोप लगाया हैं। वहीं लड़की ने दूल्हा पक्ष पर इच्छा के विरुद्ध शादी और जबरदस्ती बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाए है। मामले की जांच की जा रही है। दोस्त की पत्नी ने लड़की से करवाया था रिश्ता भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक ने बताया कि उनकी बजाज खाना में कपड़े की दुकान है। उसका दोस्त पत्नी के साथ खरीददारी के लिए आया था। तब उसकी पत्नी ने जयपुर निवासी एक लड़की के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि लड़की को घर वालों ने छोड़ रखा हैं। तुम कहो तो तुम्हारे रिश्ते की बात करें। बातचीत के बाद जयपुर जाकर लड़की से मिला था। उसके बाद लड़की के दो कथित भाई अतुल और विराट कोटा रिश्ते की बात करने आए थे, जिसके बाद रिश्ता पक्का हुआ था। इसी साल 11 फरवरी को कोटा में हमारी सगाई हुई थी। 22 अप्रैल को शादी होनी थी। कार्ड भी छप गए थे और रिश्तेदारों को निमंत्रण भी चला गया। इसके बाद जब भी मैं जयपुर दुकान का सामान खरीदने जाता, लड़की से मिलकर आता था। खरीददारी के लिए जयपुर से कोटा आई थी लड़की शादी की खरीददारी के लिए 13 अप्रैल को लड़की को जयपुर से कोटा बुलाया था। दो दिन तक बाजार में खरीददारी करवाई। 15 अप्रैल को इंद्रा मार्केट में खरीददारी के दौरान सहेली से मिलने की कहकर लड़की वहां से निकल गईं। अपने साथ एक पर्स भी ले गईं, जिसमें मेरी बहन ने डेढ़ लाख रुपए रखे हुए थे। काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी और मोबाइल भी स्विच ऑफ आया। लड़की के बारे में पता किया तो सामने आया कि अतुल नाम का युवक, जो उसका भाई बनकर रिश्ते की बात कर रहा था। असल में उसका पति हैं।