कोटा संभाग में मौसम का मिजाज रोजाना बदल रहा है। तापमान में जारी उतार-चढ़ाव के बीच शनिवार को अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, जिसके बाद रविवार सुबह से ही शहर में धूप खिली रही। धूप में आई तेजी के कारण दिन के समय शहरवासियों को हल्की उमस और गर्माहट का सामना करना पड़ा। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि दोपहर बाद या शाम तक आंशिक रूप से बादल छाने और तेज हवाएं चलने से तापमान में फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है। कोटा में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ यह 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं हुआ और यह 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दो दिन पहले अधिकतम तापमान 37 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस था। वहीं शुक्रवार-शनिवार को 33 डिग्री तक हो गया था। पश्चिमी विक्षोभ का दिख रहा असर मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदेश के कई अन्य जिलों की तरह कोटा संभाग में भी पश्चिमी विक्षोभ और परिसंचरण तंत्र की सक्रियता का मिला-जुला असर बना हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में मेघगर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिससे संभाग में भी हवा की दिशा और नमी में लगातार बदलाव आ रहा है। शनिवार को जहां दिन में तेज धूप के बाद शाम को बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं, वहीं रविवार को भी सुबह से तेज धूप के साथ बादलों की आवाजाही का सिलसिला देखने को मिला। आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, कोटा संभाग में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। तेज हवाएं चलने के कारण दिन में धूप रहने के बावजूद रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी, जिससे सुबह और देर रात में गुलाबी ठंड का अहसास बढ़ने लगेगा।